शहडोल। कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी सोमवार को बालाघाट और शहडोल लोकसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित करेंगे। वे सबसे पहले मंडला लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सिवनी जिले के धनौरा आएंगे। यहां दोपहर 2 बजे कांग्रेस कैंडिडेट ओमकार सिंह मरकाम के पक्ष में सभा लेंगे। इसके बाद दोपहर 4 बजे शहडोल के बाणगंगा मेला ग्राउंड में फुंदेलाल मार्काे के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
मंडला के धनौरा में मंच पर रविवार को फ्लेक्स लगा दिया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं के साथ केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते का फोटो था। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता हरकत में आए। उन्होंने फग्गन सिंह के फोटो को ढंक दिया। फिर उसी जगह कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह का फोटो लगाया। इस मामले में सिवनी कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना का कहना है कि प्रिंटर से गलती हुई है। प्रिंटिंग के दौरान गलती से कुलस्ते का फोटो लगा दिया गया था, जिसे सुधार दिया गया है।
राहुल गांधी के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव समेत कई पदाधिकारी और नेता सभाओं में मौजूद रहेंगे।