उज्जैन। शिप्रा नदी का रामघाट एक बार फिर लाखों दीपक से रौशन होगा। इस बार 9 अप्रैल गुड़ी पड़वा पर शाम को 7 बजे 5 लाख दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने सारी तैयारी पूर्ण कर ली है। निगम की टीम और वालियंटर ने घाटों पर दीपक लगाना शुरू कर दिए। मंगलवार को वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर सुबह शिप्रा नदी में सूर्य को अर्घ्य देकर नगरवासी हिंदू नव वर्ष का स्वागत करेंगे। वहीं शाम को घाट पर दीपक प्रज्ज्वलित कर आतिशबाजी भी की जाएगी।
इस बार 40 दिवसीय विक्रमोत्सव के तहत मंगलवार शाम को शिप्रा नदी के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट, नृसिंह घाट, गुरूद्वारा घाट सहित अन्य घाट पर पांच लाख दीपक रौशन कर सृष्टि का आरंभ दिवस मनाया जाएगा। गत वर्ष से उज्जैन नगर का जन्म दिवस भी गुड़ी पड़वा पर गौरव दिवस के रूप में मनाया जाने लगा है। दीपोत्सव के बाद गायन की प्रस्तुति देने के लिए प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल यहां पहुंचेगें।निगम आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत 5 लाख दीप शिप्रा नदी के पावन तट पर प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इसके लिए घाटों को 05 सेक्टरों में बांटा गया है। दीप रखने के लिए ब्लाक का निर्माण किया गया है एक ब्लॉक में 225 दीप रखे गए है, इस आयोजन में लगभग 6000 वॉलिंटियर अपनी भूमिका निभायेंगे साथ ही संपूर्ण इवेंट जीरो वेस्ट इवेंट पर आधारित होगा। नगर पालिका निगम द्वारा तैयारियां पूरी कर दी गई है, ग्राण्ड होटल पर दीपक, तेल की बोतल एवं अन्य सामग्री का एकत्रिकरण कर घाटों पर भेजा जा चूका है। आज शाम तक सभी 5 लाख दीपक रख दिए जाएंगे।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति भी-
गुड़ी पड़वा मंगलवार को दीपक प्रज्ज्वलित कर रात्रि 8 बजे से गायक जुबिन नौटियाल शिप्रा नदी के रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट के बीच में बने भव्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। दीपोत्सव के पश्चात आम लोग भी घाट के किनारों से प्रस्तुति का आनंद उठा सकेंगे। आयोजन की तैयारी को लेकर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा ने अधिकारियों के साथ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए है। गौरतलब है कि विक्रमोत्सव का समापन हर वर्ष शिप्रा की गोद में बने मंच से प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुति के साथ होता है। इस बार चालीस दिवसीय विक्रमोत्सव का शुभारंभ 1 मार्च से हुआ जो की 40 दिन चलकर 9 अप्रेल को खत्म होगा।