खंडवा। सिंधी समाज ने चेटीचंड पर्व पर भगवान झूलेलाल की जयंती मनाई। सिंधी कॉलोनी से शहर में वाहन रैली निकाली गई। वहीं पदमनगर क्षेत्र से निकली झांकी ने शहर भ्रमण किया। इस दौरान बाजार में आयो लाल झूलेलाल के जयकारें गूंज उठे। झूलेलाल मंदिर में महाआरती के बाद प्रसादी वितरण हुआ।
सिंधी कॉलोनी से निकली वाहन रैली में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी भागीदारी की। हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। रैली मोघट रोड, शेर तिराहा, निगम तिराहा से घंटाघर, बांबे बाजार होकर रेलवे स्टेशन और वापस सिंधी कॉलोनी पहुंची। इसी तरह पदमनगर से भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी निकाली गई। समाजजन ने बड़ी धूमधाम से पर्व मनाया।