मंदसौर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर रेणुका कंचनके मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर इंदिरा कॉलोनी, वार्ड नंबर 02, नई आबादी, मंदसौर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन कर मजदूरों को श्रम कानूनों के बारे में जानकारी दी गई।
जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थ तिवारी द्वारा श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन की उत्पत्ति से लेकर अब तक जितने भी विकास कार्य हुये है, उनमें श्रमिक वर्ग का बहुत बड़ा योगदान रहा है। श्रमिक वर्ग द्वारा की गई मेहनत की वजह से ही हर क्षेत्र में अधोसंरचना का विकास हुआ है। जिससे आमजन को सुविधाओं की प्राप्ति हुई और जीवन आरामदायक हुआ है। साथ ही विभिन्न श्रम कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे मे भी सहज रूप में जानकारी शिविर में उपस्थित श्रमिकों को प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, मजदूर कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह परिहार, पैरालीगल वालेन्टियर सीमा नागर एवं बड़ी संख्या में श्रमिकगण उपस्थित रहे।