नीमच। पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल द्वारा नीमच शहर के रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत नीमच रेलवे स्टेशन के सामने लगे हुए रेलवे के पुराने इंजन को अब दूसरी जगह शिफ्ट कर लगाया जाना है। इसी के तहत आज बुधवार को क्रेन की मदद से पुराने इंजन को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा था। इस दौरान एक हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंजिन को शिफ्ट करने के दौरान क्रेन की अचानक से चेन टूट गई। हादसे में मजदूरी कर रहा एक युवक इंजन के एक हिस्से में फंस गया। उससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तत्काल युवक को बाहर निकाल कर नीमच के निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उसका इलाज हो रहा है। हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी मजदूर युवक हिमांशु पिता लालचंद का एक पैर फैक्चर हुआ है। जबकि दूसरे पैर में मामूली चोट आई है। गनीमत रही कि इस हादसे में युवक बाल-बाल बच गया। यदि युवक इंजन में दब जाता या और कोई गम्भीर स्थिति बनती तो उसकी जान भी जा सकती थी। फिलहाल युवक का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।