मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा में इतिहास प्रसिद्ध श्री नरसिंह मंदिर में भगवान श्री नरसिंह जयंती उत्सव आज मंगलवार को धूमधाम से मनाया जा रहा हैं। शहर के मध्य विराजमान श्री नरसिंह मंदिर में भगवान श्री नरसिंह का प्रातः काल महाअभिषेक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया।
श्री नरसिंह मंदिर के पुजारी भागवताचार्य पंडित गोविंद उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को संध्या काल सूर्यास्त के समय श्री नरसिंह भगवान का प्रकट उत्सव महाआरती एवं प्रसाद वितरण होगा। लगभग 700 वर्षों से मंदिरों की नगरी मनासा में श्री नरसिंह जयंती उत्सव मनाया जाता है। नगर के बद्रीनारायण मंदिर पर संध्या के समय दिव्य नरसिंह लीला का उत्सव भी होता है जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण इस लीला का दर्शन करते हैं। ठीक सूर्यास्त के समय नरसिंह भगवान का प्राकट्य होता है। विशाल जन समुदाय श्री नरसिंह मंदिर पहुंचकर आरती में सम्मिलित होते हैं तत्पश्चात महाप्रसाद वितरण होता है। भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में पधार कर नरसिंह भगवान के दर्शन करने का आग्रह किया है।