नीमच। शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पूरे आन बान और शान के साथ मनाई जाएगी। महाराणा प्रताप के जन्मोत्सव को पूरी भव्यता के साथ मनाने की तैयारी को लेकर महोत्सव समिति की बैठक का आयोजन नृसिंह मंदिर में किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई है। 9 जून को विशाल एवं भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। वाहन रेली में करीब 200 से अधिक वाहन सम्मिलित होंगे। यह वाहन रैली महाराणा प्रताप मार्केट से प्रारंभ होकर नीमच कैंट बारादरी, श्री राम चौक, घंटाघर, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा, कमल चौक, मैसी फर्ग्यूसन होते हुए स्पेन्टा चौराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजन का कार्यक्रम होगा। तत्पश्चात यादव मंडी नीमच सिटी के प्रमुख मार्गों पर होकर महाराणा चौक पर वाहन रैली का समापन होगा। महाराणा प्रताप जयंती पर धर्म सभा का आयोजन भी होगा। प्रमुख वक्ता के रूप में सुरेश शास्त्री और अन्य वक्ता अपना उद्बोधन देंगे। चल समारोह नीमच सीटी के प्रमुख मार्गों पर निकलेगा। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपील की है कि इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोग शामिल होकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करें।