नीमच। उपनगर नीमच सिटी थाने के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की दुखद मौत हो गई है। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार राधेश्याम पिता रतनलाल पाटीदार निवासी दारूखेड़ा को लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रक चालक ने बुरी तरह रौंद दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार राधेश्याम पाटीदार अपनी मोटरसाइकिल से जावी गांव मौसर के कार्यक्रम में जा रहे थे। नीमच सिटी थाने के सामने शनि महाराज मंदिर के यहां पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार राधेश्याम पाटीदार को कुचल दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भयानक थी कि राधेश्याम का आधा शरीर टुकड़ों में बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल के साथ शव करीब 20 फीट तक घसीटा चला गया।उनके साथ उनका पोता भी था। जिसे भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को घर भेज दिया गया है। राधेश्याम का शव जिला अस्पताल मे लाया गया है। यहां शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक जप्त कर थाने पर खड़ा कर दिया है।