गरोठ। ग्राम पावटी में एमडी ड्रग्स एवं उसके निर्माण में प्रयुक्त केमिकल की बरामदगी के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। इसी क्रम में रविवार को ग्राम ढाकनी में कुछ अज्ञात लोग अवैध मादक पदार्थ बनाने में प्रयुक्त संदिग्ध केमिकल को गांव के तालाब किनारे छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध केमिकल को जब्त कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई से घबराकर तस्करों ने केमिकल को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल किसने वहां रखा और उसका संबंध ग्राम पावटी में सामने आए मादक पदार्थ तस्करी के मामले से है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास भी जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में ग्राम पावटी में एमडी ड्रग्स एवं उसके निर्माण में प्रयुक्त केमिकल की बड़ी खेप बरामद होने के बाद पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि गरोठ क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।