भगवानपुरा। बिस्टान नगर से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 343 सी की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मार्ग की सड़क पर बड़े बड़े गड्डे होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती है। क्योंकि मोहनपुरा से लेकर महाराष्ट्र सीमा पाल तक इस मार्ग की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। इस मार्ग से दक्षिण भारत के राज्य महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, बैंगलोर से लेकर उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, लेह लद्दाख जैसे राज्यों के भारी वाहनों का सैंकड़ों की संख्या में आना जाना लगा रहता है।
पंजाब के ट्रक चालक जसबिंदर सिंह कौर ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग तो है लेकिन 70 किलोमीटर की सड़क पर बड़े बड़े गड्डे हो गए हैं, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की टूट फूट भी अधिक होती है और टायर भी बार बार फूटने और पंचर होते रहते है। इस मार्ग पर किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं है। रात में तो सड़क सुनसान हो जाती है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि इस राजमार्ग की निर्माण कार्य की स्वकृति तो मिल गई है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और न ही इस मार्ग की मरम्मत हुई है, जिससे की परेशानी दूर हो सके। बारिश की अवधि में इस मार्ग की हालत बहुत ज्यादा दयनीय हो जाती है।