नीमच। अन्तर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश स्तर पर अनेकानेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गए । इसी संदर्भ में नीमच जिले के मुख्यालय नीमच में जिला कलेक्टर दिनेश जैन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गुरूप्रसाद के प्रयासों से नशे के विरूद्ध एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम रखा गया जिसके अर्न्तगत भारी संख्या में जिले के प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, राजनेतागण, नगर के नागरिकों, गायत्री परिवार, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पत्रकारों आदि के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सदस्यों ने बड़े उमंग उत्साह के साथ भाग लिया ।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान को विशिष्ट रूप से आमंत्रित किया गया था, जिसके फलस्वरूप ब्रह्माकुमारी संस्थान की सबझोन संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी के नेतृत्व में ब्रह्माकुमारी राजयोग शिक्षिका बहनों के अलावा बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी संस्था के भाई-बहनों ने नशा निवारण के प्रति जागरूकता वाले बैनर एवं झण्डे लेकर विशाल मानव श्रृंखला एवं जन जागरण रैली में भाग लिया। ब्रह्माकुमारी संस्थान के सबझोन डायरेक्टर बी.के.सुरेन्द्र भाई को विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम के मंच पर आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में सभी मंचासीन अतिथियों ने विशाल भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत माँ की वंदना की तत्पश्चात डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना द्वारा उपस्थित विशाल जनसमुदाय को नशा मुक्त रहने एवं समस्त मानव समाज को नशा मुक्त करने में सहयोगी बनने की शपथ दिलाई गई । इस आयोजन को सफल बनाने में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविन्द सिंह डामोर की भूमिका प्रमुख रही ।