भोपाल। महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा रविवार को निकाली जाएगी। इससे पहले श्री कृष्ण चौतन्य महाप्रभु प्रेम भक्ति समिति ने प्रभातफेरी निकालना शुरू कर दिया है। यह एक तरह से भक्तों को रथयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण है। शुक्रवार को श्री गौर राधा मदन गोपाल मंदिर भोपाल से प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। प्रभातफेरी में शामिल भक्त संकीर्तन करते हुए आराधना नगर सहित आसपास के इलाके में घूमे।
दीपिका माहेश्वरी ने बताया कि सुबह शांतिनगर स्थित हमारे निवास से महाप्रभु की तस्वीर लेकर प्रभातफेरी प्रारंभ की गई, जिसने आसपास के क्षेत्र में भ्रमण किया। इसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। उन्होंने बताया कि शनिवार से रथयात्रा की तैयारियों के चलते पूजा-पाठ का दौर शुरू हो जाएगा। शाम 7रू30 बजे 150 किलो फूलों से फूल बंगला सजाया जाएगा। ये फूल वृंदावन से मंगाए गए हैं और वहीं से फूल बंगला सजाने वाले आ रहे हैं।
इन इलाकों से निकलेगी यात्रा
उन्होंने बताया कि रथयात्रा 7 जुलाई को मध्याह्न आरती के बाद दोपहर एक बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, घोड़ा नक्कास, मंगलवारा, इतवारा, चौक बाजार, लखेरापुरा, भवानी चौक सोमवारा, बाल विहार, भोपाल टॉकीज होती हुई वापस मंदिर पहुंचेगी। रथ में महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र विराजमान होंगे। यात्रा लौटने पर मंदिर में महाप्रभु की पूजा की जाएगी। यात्रा में ब्रास बैंड, ढोल-ताशे, धर्म ध्वज, कीर्तन मंडली शामिल रहेंगी।
सांसद, मंत्री और महापौर खींचेंगे रथ
फूलों से सुसज्जित रथ में महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलदेव के विग्रह विराजमान होंगे। भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर और महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में शामिल होने वाले भक्त अपने हाथों से रथ को खींचकर यात्रा प्रारंभ करेंगे।