कुकड़ेश्वर। जिला कलेक्टर दिनेश जैन और जिला पुलिस अधीक्षक अंतिम जायसवाल के निर्देश पर यह बैठक नगर के थाना परिषद में आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी ने की, जिसमें नायब तहसीलदार नवीन सरतोले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सी परमार और सुपरवाइजर नितिन उईके भी उपस्थित थे।
थाना प्रभारी ने बैठक में आगामी त्योहार मोहर्रम (16 और 17 जुलाई) और गुरु पूर्णिमा उत्सव (21 जुलाई) को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बैठक में सभी समुदायों के लोगों के साथ मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। शांति समिति में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, और पत्रकार भी उपस्थित थे।
बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान निकलने वाली छड़िया और ताज के रूट और कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान आन आश्रम में आने-जाने वाले मार्ग और आन आश्रम की व्यवस्था के बारे में भी चर्चा की गई। सभी ने अपने सुझाव दिए और आगामी त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का अनुरोध किया।