भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर शनिवार को संत हिरदाराम नगर स्थित मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के 7वीं एवं 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान में भागीदारी की। नगर-निगम के पौधारोपण अभियान के तहत संत हिरदाराम नगर स्थित गुलाब उद्यान में विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर प्रकृति एवं मां के प्रति समर्पण की भावना को व्यक्त किया।
स्कूल का संचालन कर रही संस्था के अध्यक्ष सिद्धभाऊ ने अपने संप्रेषित संदेश में इन विद्यार्थियों को दायित्वबोध कराया। उन्होंने कहा कि जैसे मां अपने शिशु का लालन-पालन करती है, वैसे ही सभी विद्यार्थी स्वरोपित पौधे के प्रति समर्पित बने रहें। जो पौधा आपने रोपा है, उसे पालने का जिम्मा संभालें। विद्यार्थियों ने भी स्वरोपित पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के महत्त्व को भी प्रतिपादित करना है।
संस्था सचिव घनश्याम बूलचंदानी एवं प्राचार्य अजय बहादुर सिंह ने इस पहल के लिए छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए पौधारोपण की क्रमबद्धता को बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। बता दें कि इस अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में इस वर्ष साढे़ पांच करोड़ पौधे रोपने की घोषणा की है।