शाजापुर। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम डॉ. मोहन यादव के आवाहन पर ष्एक पेड़ मां के नामष् अभियान के तहत शाजापुर में भैरव डूंगरी पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यहां तीन हजार से अधिक पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, मध्य प्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष माखनसिंह चौहान अतिथि के रूप में मंचासीन थे। इसके अलावा विधायक अरुण भीमावद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, शहरवासी,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण पूर्व अध्यक्ष माखन सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति और मानव एक-दूसरे के पूरक हैं। सुन्दर पशु-पक्षी जिन्हें हम अभी तक देखते आ रहे हैं, यह सब प्रकृति की देन है। वर्तमान में पर्यावरण को हो रहे नुकसान के कारण धरती गर्म हो रही है। इससे मानवजीवन दूभर हो रहा है। आने वाले समय में यदि जीवन बचाना है तो प्रकृति को हरा-भरा करना होगा। सांसद सोलंकी ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति की पूजा हम अनादि काल से करते आ रहे हैं।
विभिन्न अवसरों पर हम आम, आंवला, तुलसी आदि की पूजा करते हैं। पर्यावरण को हो रहे नुकसान से बचाव के लिए प्रकृति की रक्षा करना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर हम सभी मिलकर अपनी मॉ के नाम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी रक्षा करें। जिस तरह से मॉ अपने बच्चों की परवरिश करती है उसी तरह से हमारा दायित्व है कि हम मॉ की याद में लगाए गए पौधे की रक्षा करें।
विधायक भीमावद ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रकृति को हरा-भरा करना होगा। धरती के बढ़ते तापमान को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता है। पौधों की सुरक्षा के लिए भैरव डूंगरी के आसपास तार फेंसिंग की गई है।
पौधारोपण करने आए शाजापुर नगर के सामाजिक संगठनों, नागरिक गणों, विद्यार्थियों, शासकीय सेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। भैरव डूंगरी के विकास के लिए लगभग 8 करोड़ रूपये की राशि से विभिन्न कार्य कराएं जायेंगे। यहां आने वाले लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए सीढ़ियों को चौड़ी करेंगे। क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए इकाईयां भी स्थापित होगी।
कार्यक्रम का संचालन आशीष नागर ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष नवीन राठौर, वनमण्डलाधिकारी मयंक चांदीवाल, जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, अनुविभागीय अधिकारी मनीषा वास्कले, हरिओम गोठी, किरण सिंह ठाकुर, गोविंद नायक, कार्तिक भीमावद, महेश भावसार, लाला शर्मा, मुकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शासकीय सेवक उपस्थित रहे।