रतलाम। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने यूपी के हाथरस में हुई घटना को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में संतो का बड़ा सम्मान है। बाबा, संत, महात्मा के नाम से श्रद्धा का भाव उत्पन्न होता है। जो बाबा कोर्ट, सूट, टाई व जूते पहनकर प्रवचन करता है वह हिंदू परंपरा में संत व बाबा कहलाने का अधिकारी नहीं हो सकता। इन शब्दों का दुरुपयोग कर एक समाज विशेष की भोली भाली जनता की आस्था का शोषण करने का षड़यंत्र है। आमजनता के साथ यह धोखाधड़ी है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर एक है उसे किसी बंधन से बांधा नहीं जा सकता। ऐसे बाबाओं को रोकने के लिए हिंदू समाज के संतो के साथ मिलकर प्रबोधन व समाज में जन-जागरण कर समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। देश का संत समाज भी हमारे साथ है। सरकार व कानून अपना काम करेगा। संतो से भी आह्वान करते है कि कानून व सरकार अपना काम करे। हिंदू संतो से आह्वान है कि वह भी ऐसे बाबाओं से बचने के लिए प्रबोधन व जन-जागरण करे।
विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा शनिवार को रतलाम आए थे। उन्होंने जेएमडी गार्डन में विहिप, बजरंग दल के पदाधिकारियों के बैठक ली। आगामी सेवा प्रकल्पों को लेकर चर्चा की। उन्होंने शहर के प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ विहिप के प्रांत मंत्री विनोद शर्मा, प्रांत सह मंत्री दिलीप जैन भी मौजूद रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय महामंत्री बागड़ा ने देश में लव जिहाद को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था लव जिहाद एक सुनियोजित षड़यंत्र है। जिसके तहत वर्ग विशेष के युवको को प्रशिक्षण दिया जाता है। वित्तीय सहायता दी जाती है। जिससे अबोध व भोली भाली हिंदू युवतियों का शोषण किया जाता है। विहिप द्वारा कुटुंब प्रबोधन के माध्मय से हिंदू बच्चों व युवकों, युवतियों को संस्कारित करने का अभियान चला रखा है। हमारी संस्था दुर्गावाहिनि इस विषय को लेकर बड़ा काम कर रही है। कानून के हिसाब से हमे अपेक्षा है स्वेच्छा से विवेक पूर्ण तरीके से धर्मांतरण एक विषय है। धोखे से हिंदू नाम रख मित्रता करने व ब्लैकमेल करने के माध्मय से निकाह करना वैधानिक नहीं धोखा है। इसलिए हम कड़े कानूनों की मांग करते रहे। समय-समय पर संगठन द्वारा आंदोलन किया जाता है।
उन्होंने रतलाम जिले में अवैध नशे के कारोबार को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह भी एक समाज के लिए चुनौतीपूर्ण विषय है। इस संबंध में हम जल्द सरकार से मिलकर सख्त कदम उठाने जा रहा है। एक वर्ग विशेष द्वारा हिंदू युवाओं को इस दलदल में फसाने के लिए जो घृणित कार्य किया जा रहा है उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।
इस दौरान विभाग सहमंत्री पवन बंजारा, विभाग संयोजक वीनू शर्मा, बजरंद दल जिलाध्यक्ष दीपक व्यास, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला सहसंयोजक आशु टाक आदि मौजूद रहे।