नीमच। शहर के लक्कड़ मंडी क्षेत्र के रहवासियों ने कैंट थाना पहुंचकर एक आवेदन सौंपा है। उक्त आवेदन के माध्यम से मोहल्ले वासियों ने शहर की फीजां बिगाड़ने वाले आसामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में मोहल्लेवासियों ने बताया कि लक्कड़ मंडी चौराहा पर स्थित चने वाले की दुकान के आसपास प्रतिदिन करीब 30 से 40 की संख्या में असामाजिक तत्व झुंड बनाकर खड़े होते हैं। वे यहां गाली-गलौच कर अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। गांजा, सिगरेट सहित अन्य तरह का नशा कर मार्ग से निकलने वाली महिलाओं व युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। क्षेत्र के वरिष्ठों द्वारा समझाने पर भी वे नहीं समझते हैं और विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। मोहल्लेवासियों ने थाना प्रभारी के नाम दिए आवेदन में इन शरारती तत्वों पर कार्रवाई की मांग की है।