चित्तौड़गढ़। ब्रह्मा कुमारीज प्रताप नगर सेवा केंद्र पर सेवा केंद्र संचालिका राज योगिनी आशा दीदी ने बताया कि माउंट आबू से पधारे राज योगी ब्रह्मा कुमार करण भाई, चंद्रेश भाई, मोहन भाई एवं दिनेश भाई का तिलक साफा और ऊपरना पहना कर स्वागत किया गया। करण भाई ने कहा कि हमें अपने जीवन को खुशनुमा बनाने के लिए सकारात्मक जीवन शैली बनानी है। हमको ना तो किसी में कोई बुराई ढूंढनी है और ना ही किसी से बुराई करनी है। नकारात्मक सोच से ही मानसिक और शारीरिक ऊर्जा में कमी आती है। उन्होंने कहा कि हर पल अच्छे विचारों को ग्रहण करें और रात को सोने से पहले सभी नकारात्मक विचारों का त्याग करके सोए और सुबह उठने के बाद परमपिता परमेश्वर का ध्यान करें और जीवन को सकारात्मक बनाने का संकल्प ले। बीके चंद्रेश भाई ने कहा कि हमें यह देखना होगा कि हमारे दिन भर में हम ऐसे कौन से कार्य व्यवहार करते हैं जिससे हमारी मन की बैटरी यह हमारी ऊर्जा खत्म होती है। अक्सर देखा गया है कि सारे दिन में बात बात में गुस्सा करना काम को ठीक प्रकार से ना करना और किसी भी बात को पकड़ कर बैठ जाने से ही हमारे मन की बैटरी डिस्चार्ज होती है। उन्होंने कहा कि घर के वातावरण को खुशनुमा बनाएं और साथ-साथ ईश्वर का ध्यान करें। मोहन भाई ने कहा कि दिन की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा के साथ करें और साथ ही दिन का अंत भी आध्यात्मिक तरीके से ही करें। ईश्वर का धन्यवाद करें कि उन्होंने हमें इतना सर्वश्रेष्ठ जीवन दिया। प्रोग्राम के अंत में शिवली दीदी ने सभी का आभार प्रकट किया।