नीमच। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम हिंगोरिया के रेलवे फाटक पर प्रतिदिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। आज सोमवार को भी शाम के वक्त हिंगोरिया फाटक क्षेत्र में मंदसौर व नीमच दोनों ही तरफ करीब 1 किमी लंबा जाम लग गया। जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल यातायात क्लीयर कराया और वाहनों की आवाजाही चालू कराई।
आपकों बता दें कि ग्राम हिगोरिया में स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज प्रस्तावित है। गत दिनों विधायक दिलीप सिंह परिहार ने 34 करोड की लागत से बनने वाले इस टी आकार के ओवर ब्रिज निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया था। इसके बाद अब मौके पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए नपती का कार्य शुरू हो गया है। नपती करने पहुंचने वाले अधिकारियों के वाहनों के बेतरतीब खड़े होने की वजह से ही फाटक क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। वाहन चालकों व राहगीरों ने जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से इस ओर ध्यान देने की मांग की है। साथ ही जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कराने की दिशा में कोशिश करने की आवाज भी उठाई है, ताकि वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े।