खरगोन। अखिल विश्व गायत्री परिवार के साधकों ने गुरुमाता भगवती देवी शर्मा की आगामी जन्मशताब्दी वर्ष 2026 की श्रृंखला में निमाड़ में तपती गर्मी से निजात पाने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 05 जुलाई से पांच दिवसीय जिला स्तरीय वृक्षारोपण जनजागरण यात्रा का शुभारंभ किया है। यात्रा का शुभारंभ सेगांव तहसील से हुआ जो भगवानपुरा, झिरन्या, खरगोन में जनजागरण करते हुए सोमवार को सायं समय कसरावद नगर में पहुंची। यहां यात्रा का स्थानीय गायत्री साधकों ने जोरदार स्वागत किया। सर्वप्रथम यात्रा जेल रोड़ स्थित समर्पण गिरि पितृ पर्वत पर पहुंची। यहां सभी यात्रियों ने पितृ पर्वत की पैदल परिक्रमा की और पांच पौधे भी इस अवसर पर रोपे।इस दौरान यहां हुए वृहद वृक्षारोपण से प्रेरणा लेकर सभी यात्रियों के मन में अपने-अपने क्षेत्र में भी ऐसा ही रचनात्मक अभियान चलाने के संकल्प उभरे।