नीमच। जहां एक तरफ आम जनता की सुविधाओं के लाख दावे सरकार करती है, लेकिन वहीं ग्रामीण स्तर पर इन सभी दावों की पोल खुलती नजर आती है। जहां एक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता को लेकर अलग जगाए हुए हैं और सरकार लाखों रुपए स्वास्थ्य एवं सफाई पर खर्च कर रही है। वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान की धज्जियां ग्राम पंचायत कराडिया महाराज में उड़ाई जा रही है। अभी हाल ही में हुई बारिश की शुरुआत में ही इस ग्राम पंचायत के मुख्य मार्ग पर पानी का बड़ा जमाव दिखाई दिया। जलजमाव की स्थिति बनने से राहगीरों व रहवासियों को आवाजाही में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल भराव की वजह से आने जाने में परेशानी के साथ ही मच्छरों के पनपने से भी स्वास्थ्य के ऊपर बुरा असर होगा तथा मलेरिया तथा डेंगू जैसी बीमारियों से भी रहवासियों को होने का खतरा मंडराता दिखाई दे रहा है।

गांव के ही रहवासी हस्तीमल पाटीदार ने बताया कि बारिश होते ही इस तरह का जल भराव हमेशा ही होता है तथा पंचायत के सरपंच को कई बार अवगत कराने के बाद भी नाली का निर्माण नहीं किया है, जिसकी वजह से इस प्रकार की दिक्कतों का सामना हम सभी को करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग में जल भराव की वजह से हमारे घरों में जहरीले जानवरों का भी डर सताता है तथा छोटे-छोटे बच्चों को लेकर भी इस जल भराव की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।