इंदौर। नगर निगम कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर दो सहायक दरोगा के 5-5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएनडी वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी कहा है।
नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने बुधवार को झोन क्रमांक 3 के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
वे जेल रोड और नॉवेल्टी क्षेत्र पहुंचे और सफाई व्यवस्था देखी। नॉवेल्टी क्षेत्र की गलियों में कचरा और गंदगी पाए जाने पर रात्रि कालीन सहायक दरोगा जितेंद्र गोड के 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके बाद कमिश्नर ने जेल रोड डीआरपी लाइन होते हुए लोखंडे ब्रिज तक क्षेत्र का निरीक्षण किया।
यहां पर भी निरीक्षण के दौरान सफाई ठीक नहीं पाए जाने पर क्षेत्र के प्रभारी दरोगा संजय टाक का 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं नारायण बाग की गलियों में सीएनडी वेस्ट पड़ा होने पर संबंधित अधिकारियों को सीएनडी वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। कमिश्नर ने नारायण बाग स्थित प्राचीन बावड़ी का भी अवलोकन किया।
कमिश्नर ने तिलक पथ शासकीय 15 नंबर स्कूल के पीछे स्थित मैदान का भी निरीक्षण किया गया। यहां पर जल निकासी के संबंध में निर्देश दिए। सीवरेज संबंधित किए जा रहे निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त सिद्धार्थ जैन, अधीक्षण यंत्री महेश शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अखिलेश उपाध्याय, क्षेत्रीय झोनल अधिकारी धीरेंद्र बायस, सीएसआई राम लोवंशी, उप यंत्री राज ठाकुर एवं अन्य उपस्थित थे।