गुना। जिले में शिक्षा के प्रति शिक्षकों के क्या हाल हैं, इसकी पोल उस समय खुल गई, जब एसडीएम ने स्कूलों का निरीक्षण किया। हालत यह थे की 11: 30 बजे तक भी कई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे थे। बच्चे मास्टरों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन शिक्षकों का कोई अता पता ही नहीं था। एक स्कूल में तो पांच में से एक भी शिक्षक नहीं पहुंचा था। एसडीएम ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि स्कूलों के शुरू होने का समय सुबह 10ः30 बजे से 4ः30 बजे तक का है। शिक्षकों को 10 बजे आने के निर्देश हैं, ताकि 10ः30 से पढ़ाना शुरू कर दें और 5 बजे स्कूल बंद करें। इसके बाद भी शिक्षक 11 बजे तक भी स्कूल नहीं पहुंचते हैं। अधिकतर स्कूल तो समय से खुलते ही नहीं हैं। स्कूलों में ताला लगा रहता है।
आरोन एसडीएम विकास कुमार आनंद ने बुधवार को दो स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शहरोक हाई स्कूल और गैलोन स्कूल में शिक्षकों के समय पर न आने की शिकायत मिल रही थीं। वह सबसे पहले शहरोक हाई स्कूल पहुंचे। सुबह 11ः25 बजे तक भी स्कूल में एक भी शिक्षक नहीं पहुंचा था। यहां प्रिंसिपल सहित पांच टीचर पोस्टेड हैं। स्कूल में बच्चे क्लास में बैठे हुए थे, लेकिन कोई टीचर नहीं आया था।
स्कूल के चपरासी ने प्रिंसीपल रणवीर सिंह धाकड़ से बात कराई, तो पता चला वह रास्ते में हैं। रोज गुना से अप डाउन करते हैं। प्रिंसीपल ने फोन पर बताया कि रोज वह टाइम पर आ जाते हैं, लेकिन आज लेट हो गए। जबकि, छात्रों ने बताया कि वह कभी समय पर आते ही नहीं। बहुत कम ही स्कूल आते हैं। स्कूल के बाकी शिक्षक गिर्राज सोनी, कृष्णा ओझा, सोनाक्षी जैन भी स्कूल नहीं पहुंची थी। एक टीचर मीना बाथम मेडिकल लीव पर हैं। यानि, पांच में से एक भी शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा।
इसके बाद एसडीएम ने गैलोन के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां भी दो शिक्षक अनुपस्थित मिले। शाला प्रभारी हरिओम भार्गव और प्राथमिक शिक्षक कृष्णबाबू सहरिया एब्सेंट मिले। कृष्णबाबू सहरिया के हाजिरी रजिस्टर पर तो उनके हस्ताक्षर भी थे। इस बारे में जब जानकारी ली तो पता चला कि वह सुबह आ गए थे। उनकी पत्नी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। इसलिए वे हस्ताक्षर करने के बाद अपनी पत्नी को आंगनवाड़ी छोड़ने चले गए। हालांकि, एसडीएम ने उन्हे भी एब्सेंट ही माना। एसडीएम ने बताया कि सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आज की उनकी सैलरी काटी जायेगी।