गरोठ। क्षेत्र के प्रसिद्ध चमत्कारी आरोग्य धाम दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के दान पात्र मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एसडीएम गरोठ चन्दर सिंह सोलंकी के आदेशनुसार मंदिर प्रबंध समिति के सचिव भानपुरा तहसीलदार विनोद शर्मा के निर्देशन में ग्राम पटवारी फूलचंद जजावरा द्वारा 1 जुलाई सोमवार को खोले गए थे।

गणना कार्य की अधिक जानकारी देते हुए मंदिर लेखापाल नरेंद्र शर्मा ने बताया कि गणना का कार्य इस माह की शुरुवात से पांच दिवस प्रतिदिन हुआ, जिसमें दान पात्र गणना का आंकड़ा 1 करोड़ 20 लाख 62 हजार 900 रुपये शुक्रवार को हो गया था।
आपकों बता दें कि 4 दिनों से गणना का कार्य बंद रहा। इसके बाद बुधवार को पुनः दान पात्र खोले गए, जिसमें प्रातः 11 बजे से देर शाम 6 बजे तक चली दान राशी की गणना मे 18 लाख 67 हजार रुपये की गणना की गई। बुधवार की गणना के बाद आंकड़ा 1 करोड़ 39 लाख 29 हजार 900 रुपये पहुँच गया है। बुधवार को गणना कार्य का निरीक्षण तहसीलदार भानपुरा विनोद शर्मा ने भी किया।
बुधवार को भी गणना का कार्य राजस्व विभाग पटवारी गण, महिला बाल विकास आंगनवाड़ी कर्मचारीगण भानपुरा, बैंक कर्मचारीगण, समीपस्थ ग्रामों के कोटवार पुरूष, महिला मंदिर व्यवस्थापक रामेश्वर शर्मा, मंदिर पुजारी घनश्याम नाथ योगी ग्राम कोटवार परमानंद शर्मा एवं मंदिर कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों द्वारा किया गया। गणना उपरांत राशि को सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा गरोठ सहायक प्रबंधक जगदीश जोशी के सुपूर्द की। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाकर गणना कार्य की रिकॉर्डिंग भी की गई।
आगामी दिनों में भी गणना का कार्य जारी रहेगा।