नीमच। 14 जुलाई रविवार को नीमच में पहली बार इस्कॉन द्वारा भगवान जगन्नाथ की विशाल रथ यात्रा आयोजित की जा रही है। भव्य और विशाल रथ यात्रा को लेकर अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावना अमृत संघ इस्कॉन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। रथ यात्रा में सम्मिलित होने के लिए प्रत्येक वर्ग के लोगों से इस्कॉन ने निमंत्रण देकर खास आह्वान किया है। जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति और समाज सेवी शामिल है। रथ यात्रा गुप्ता नर्सिंग होम के समीप इस्कॉन केंद्र से 14 जुलाई को शाम 4 बजे प्रारंभ होगी। विशेष रूप से तैयार किए गए सुसज्जित रथ में भगवान जगन्नाथ, बलदेव जी और सुभद्रा देवी विराजित रहेंगे। रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गाे से निकलेगी। रथ यात्रा में विदेशी भक्तों के शामिल होने की भी उम्मीद है। इस दौरान नृत्य, भजन, कीर्तन, स्वांग धारी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस्कॉन द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जुलाई को सुबह 8 बजे भगवान जगन्नाथ का आगमन, दोपहर 12.30 बजे राजभोग और आरती, दोपहर 2.00 बजे भगवान जगन्नाथ की रथ में स्थापना, 2.30 बजे अतिथियों का उद्बोधन और शाम 4.30 बजे रथ यात्रा की शुरुआत होगी। करीबन 8 बजे रथ यात्रा का समापन होगा। तत्पश्चात भोग अर्पण, महाप्रसादी का वितरण और महाआरती की जाएगी।
इस्कॉन द्वारा आयोजित रथ यात्रा में धर्म प्रेमी जनता से श्रद्धापूर्वक सम्मिलित होने के लिए विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर और शहर की अग्रणी लोगों ने अपील की है।पुरी की तर्ज़ पर इस्कॉन द्वारा निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की विशाल रथ यात्रा निश्चित ही नीमच के श्रद्धालुओं के लिए एक बहुत ही खास आयोजन है।