नीमच। मां भादवा के आंचल में बसे नीमच की लाल माटी में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन 21 जुलाई को स्थानीय टाउन हॉल में होने जा रहा है। आयोजन को लेकर मध्यप्रदेश श्रमजीव पत्रकार संघ की जिला इकाई और आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है। नीमच में आयोजित हो रहे खबर नवीसों के इस महाकुंभ में नीमच जिले के 250 पत्रकारों के अलावा अलावा अन्य जिलों से करीब 550 पत्रकार सम्मिलित होंगे। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में 21 जुलाई का यह एक दिवसीय आयोजन दो सत्रों में होगा। पहले सत्र में प्रांतीय सम्मेलन और दूसरे सत्र में कार्य समिति की बैठक होगी। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के हितों के संरक्षण को लेकर विचार विमर्श करना है। इस विशाल सम्मेलन में शरद जोशी, मोहम्मद अली, सुनील त्रिपाठी और अनेक वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन प्रतिभागियों को मिलेगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंदसौर से सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर, पूर्व कैबिनेट मंत्री और जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार,मनासा विधायक माधव मारू, मंदसौर विधायक विपिन जैन, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना बताई जा रही है।