खरगोन। जिले की बिस्टान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 700 ग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगवानपुरा की ओर से बिस्टान होते हुए खरगोन की तरफ एक मोटरसाइकिल पर दो युवक अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक गुलाब सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिस्टान-बाड़ी रोड स्थित पुलिया के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका।
तलाशी लेने पर दोनों युवकों के पिट्ठू बैग से कुल 2 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रितेश बघेल निवासी ग्राम बैजापुरा तथा रवि आरोले निवासी ग्राम मगरखेड़ी के रूप में बताई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लायर के संबंध में पूछताछ जारी है।