चित्तौड़गढ़। संत दिग्विजय राम के सानिध्य में सात दिवसीय भागवत कथा राशमी तहसील के मरमी माताजी में 4 से 10 नवम्बर तक आयोजित होगी। कथा की तैयारियों की जानकारी संत रमताराम व संत दिग्विजय राम को देते हुए आयोजक समिति विजयवर्गीय समाज व मरमी ग्रामवासियों ने बताया कि श्रीमद् भागवत में सम्पूर्ण देश के लगभग 5 हजार रामस्नेही भक्तों के आने की संभावना है। सभी भक्तों में कथा को लेकर पूरा उत्साह है। बाहर से आने वाले भक्तों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था रहेगी।
4 नवम्बर को प्रातः सवा दस बजे चारभुजा मंदिर मरमी से माताजी के कथा पाण्डाल तक कलश व शोभायात्रा निकलेगी जिसमें उज्जैन के महाकाल की सवारी, चारभुजा जी की सवारी व संतों की सवारी सहित लगभग 501 महिलाएँ कलश धारण किये सम्मिलित हांगी। सात दिवसीय यह कथा प्रतिदिन दोपहर सवा 12 बजे से चार बजे तक होंगी। 5 नवम्बर को सायंकाल 6 बजे से श्री श्याम भजन संध्या व 9 नवम्बर को फूलों की होली प्रमुख आकर्षण रहेगी। कथा में प्रसंगानुसार झाँकियों का भी आनन्द रहेगा।
आयोजक परिवार ने सभी धर्मप्रेमियों से सातों दिवस लाभ उठाने का आग्रह किया। रामद्वारा में चित्तौड़गढ़ के विजयवर्गीय समाज, रामस्नेही भक्त व मरमी ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।