चित्तौड़गढ़। श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान तथा श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास के संयुक्त तत्वावधान में कल्याण नगरी निम्बाहेड़ा में 1 से 8 जुलाई तक 21वें कल्याण महाकुंभ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महाकुंभ के जनजागरण हेतु 21 जून को कमधजनगर स्थित श्री कल्लाजी मंदिर से द्वितीय पोल स्थित स्मारक तक आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
महाकुंभ का शुभारंभ 1 जुलाई को भव्य कलशोत्सव एवं शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसमें विभिन्न प्रदेशों से आने वाले श्रद्धालु, बैंड, झांकियां, अश्व एवं ऊंट आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
महाकुंभ के दौरान 1 जुलाई से शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ के सान्निध्य में श्री लिंग महापुराण कथा का आयोजन होगा। वहीं 4 से 8 जुलाई तक 51 कुण्डीय अतिरुद्र महायज्ञ आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1500 यजमान भाग लेंगे।
महाकुंभ के अंतिम दिन 8 जुलाई को ठाकुर श्री कल्लाजी सहित पंचदेवों के दिव्य दर्शन, ध्वजारोहण, महाआरती एवं यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन संगीतमय भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सांसद सी.पी. जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।