कुकडेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर में दीपावली का पर्व इस वर्ष बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। त्योहार की रौनक से सजे बाजारों में खरीदारों की खूब भीड़ देखी गई। मिठाई की दुकानों से लेकर पटाखों की दुकानों तक हर जगह लोगों की भारी भीड़ नजर आई, और सभी ने अपने प्रियजनों के लिए उपहार व मिठाइयां खरीदीं।
नगर के हर कोने में दीपों की रोशनी और सजावट ने दीपावली के उल्लास को और बढ़ा दिया। घरों, मंदिरों और दुकानों पर जलते दीपकों ने पूरे नगर को रोशन कर दिया। स्थानीय लोगों ने माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने पटाखों का आनंद लिया और दोस्तों-परिवार संग खुशियाँ साझा कीं। कुकड़ेश्वर में इस बार की दीपावली ने पूरे नगर को एक साथ हर्षाेल्लास में बांध दिया और सभी ने बड़े शान और गर्व से यह पावन पर्व मनाया।