चित्तौड़गढ़। विधानसभा चुनाव को एक साल पूरा हो गया है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को चित्तौड़गढ़ विधायक के तौर पर 11 साल और निर्दलीय विधायक के हिसाब से एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद जताया। साथ ही, बीजेपी सरकार को भी एक साल पूरा करने पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने एक साल में किए गए कामों और घोषणाओं की जानकारी दी है।
1 साल में बहुत कुछ दिया है भजनलाल सरकार ने
3 दिसंबर 2023 को विधानसभा चुनावों की मतगणना हुई थी। इस दिन को चित्तौड़गढ़ जिले के लिए ऐतिहासिक था। सिर्फ चित्तौड़गढ़ विधानसभा ही नहीं बल्कि पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में ही पहली बार किसी निर्दलीय को जीत मिली थी। अक्टूबर में बीजेपी से टिकट ना मिलने के बाद आक्या ने निर्दलीय से चुनाव लड़ा था। जीत मिलने के बाद निर्दलीय विधायक के रूप में चंद्रभान सिंह आक्या ने एक साल पूरे कर लिए। इस दौरान उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने भजनलाल सरकार के भी एक साल पूरे होने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार ने एक साल में ही चित्तौड़गढ़ विधानसभा को कई सौगातें दी है।
1 साल में कई काम स्वीकृत हुए
आक्या ने बताया कि चित्तौड़गढ़ विधानसभा में कपासन से मानपुरा को जोड़ने के लिए हाईलेवल ब्रिज, डेलवास गांव से बेडच नदी पर पुलिया निर्माण, चित्तौड़गढ़ नौ मील चौराहे से बेगूं तक स्टेट हाईवे, बस्सी अभ्यारण्य का ईको टूरिज्म साईट के रूप में विकास, चित्तौड़गढ़ में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (भ्रष्टाचार निरोधक) न्यायालय, चम्बल से चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बांधों को भरने के लिए परियोजना, चतरंग मोरी से गांधीनगर तक रोप-वे, दुर्ग स्थित म्यूजियम के लिए 2 करोड़ की योजना, हजारेश्वर महादेव मंदिर के समीप गंभीरी नदी पर पुलिया (करीब पूर्ण हो चुकी है), भदेसर में कॉलेज, विधानसभा में 5 नए आंगनबाड़ी केन्द्र, शहर के महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कॉलेज में सेनेट्री मशीन सहित कई काम स्वीकृत हुए है।
आगामी 2 महीने में होंगे यह काम
विधायक आक्या ने कहा कि आगामी 2 महीने में चित्तौड़गढ़ की कायाकल्प करने के लिए रोड मेप तैयार किया गया है, जिसमें शहर के सार्वजनिक जगहों और राजकीय भवनों पर रंगाई पुताई, नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की खस्ताहाल सड़कों को ठीक कराना, सभी वार्डों की बंद लाइटों को चालू कराने के काम किए जा रहे है।