चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित मानसिक रूप से बीमार एवं बौद्धिक रूप से असक्षम व्यक्तियों के लिए विधिक सेवा योजना 2024 की पालना में सांवलिया चिकित्सालय स्थित मानसिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया गया। सचिव ने केन्द्र पर वार्डों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया तथा मानसिक रोगियों के इलाज में प्रयुक्त की जाने वाली मशीनों एवं दवाईयो की जाँच की जो कि समुचित पाईं गयीं। केन्द्र पर उपस्थित डॉ. राजेश कुमार स्वामी ने बताया कि जिले में एक ही मानसिक स्वास्थ्य केन्द्र संचालित है तथा अन्य अस्पतालों से रेफर किए हुए मानसिक रोगियों को भी स्वास्थ्य केन्द्र पर सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रतिमाह केन्द्र पर लगभग 60 से 80 मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। सचिव ने बताया कि मानसिक बीमारी वाले व्यक्तियों और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएँ योजना 2024 का उद्देष्य विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम और मानसिक स्वास्थ्य सेवा अधिनियम के विधायी प्रावधानों के साथ कानूनी सेवा वितरण को चिह्नित करके इसे बदलना है। योजना का त्रिआयामी दृष्टिकोंण जवाबदेही, पहुँच और बुनियादी ढाँचे को प्राथमिकता देना है ताकि इन व्यक्तियों के लिए सुरक्षित, सहायक वातावरण बनाया जा सके।