रतलाम। शहर में सफाई व्यवस्था की स्थिति खराब है। महापौर प्रहलाद पटेल और नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट लगातार शहर में सफाई व्यवस्था जांचने निकल रहे है। वार्डों में बिना सूचना के सफाई मित्र गायब मिल रहे है, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ड्यूटी से गायब 44 सफाई मित्रों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई।
मंगलवार को महापौर ने अमृत सागर क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 19 और बाजार क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाए।
जहां पर भी कचरा और गंदगी पाई तो निलंबन, सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों में बिना सूचना के ड्यूटी से गायब 44 सफाई मित्रों का एक दिवस का वेतन काटकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कार्य में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि रतलाम नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड 13 में निगमायुक्त ने देखी व्यवस्था
इसी तरह नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने वार्ड क्रमांक 13 अंबेडकर नगर, राम मंदिर, अंबेडकर मांगलिक भवन आदि की सफाई व्यवस्था देखी। सज्जन मिल रोड स्थित वाईन शॉप संचालक द्वारा कचरा और गंदगी फैलाने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया।