दमोह। मध्य प्रदेश के नेताओं की बात ही अलग है। माननीय जितना टाइट सिक्योरिटी और ऐशो आराम में रहते हैं, उतना ही धरातल पर होते हैं। प्रदेश के कई दिग्गजों को अक्सर धान की बुवाई करते और अपनी खेत की देखभाल करते हुए देखा गया है। चाहे वह पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की हो या फिर अन्य किसी नेता की। इस बीच दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी का भी अलग अंदाज देखने को मिला, जहां उन्होंने ट्रैक्टर पर हाथ आजमाया और गेहूं की बुवाई की।
फसल देखने कृषि फार्म पहुंचे थे सांसद राहुल सिंह लोधी
दरअसल, उमा भारती के भतीजे और भाजपा सांसद राहुल सिंह लोधी अपनी फसल देखने के लिए कृषि फार्म पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने खेती के काम में सहयोग किया और गेहूं की बुवाई की। उनका ट्रैक्टर चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
लोकसभा चुनाव में 4 लाख से ज्यादा वोटों से दर्ज की थी जीत
गौरतलब है कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में राहुल सिंह लोधी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्हें 7 लाख 09 हजार 768 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस के तरबार सिंह लोधी को 3 लाख 03 हजार 342 वोट मिले थे। बसपा के गोवर्धन राज को 21 हजार 404 वोट ही मिले थे। जिसके बाद राहुल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 लाख से ज्यादा वोटों से हरा कर दमोह सीट पर कब्जा कर लिया था।
पीएचई मंत्री संपतिया उइके भी खेत में रोप चुकी हैं धान
बता दें कि मंडला विधायक और पीएचई मंत्री संपतिया उइके भी खेत में धान रोप चुकी हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने धरती मां को प्रणाम कर परिवार जनों के साथ धान का रोपा लगाया था।