उज्जैन। होमगार्ड ग्राउंड नागझिरी में मंगलवार सुबह करो योग रहो निरोग की थीम पर वर्दीधारी फोर्स के जवानों के लिए योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पतंजलि योगपीठ के सहयोग से शुरू हुआ है।
तीन दिवसीय योग शिविर के दौरान जवानों को नेचरोथैरेपी से जोडने और उनकी आहारचर्या में सुधार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान सिविल डिफेंस की वर्कशॉप भी होगी। सुबह प्रारंभ हुए योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जवानों के साथ ही परिवार के लोग भी शामिल हुए।
होमगार्ड एसडीआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि, करो योग रहो निरोग की थीम पर पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से आए स्वामी रामदेव के शिष्य स्वामी परमार्थदेव महाराज योग, आसान, प्राणायाम, ध्यान का प्रशिक्षण जवानों को दे रहे है।
जवानों को नेचरोथैरेपी से जोडने और उनकी आहारचर्या में सुधार करने के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। योग और आसन से वे शारीरिक रूप से स्वस्थ हो साथ ही ध्यान और प्राणायाम से उनका मानसिक स्वास्थ बेहतर हो जीवन तनाव मुक्त रहे एवं जीवन में प्रसन्नता एवं खुशहाली बढ़े इसके लिए योग आवश्यक है।
सभी सैनिकों के परिवारजनों और आम लोगो को भी इस योग शिविर का लाभ दिया जा रहा है। योग के साथ-साथ आगामी 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए तीन दिवसीय आवासीय सिविल डिफेंस वर्कशॉप भी आयोजित की जा रही है।
यहां सिहंस्थ महापर्व के लिए वॉलेंटियर्स तैयार किए जाएंगे। सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स को प्रशिक्षण एसडीआरएफ की उच्च प्रशिक्षित टीम के द्वारा दिया जाएगा। इस कार्यशाला से प्रशिक्षित सिविल डिफेंस के वॉलेंटियर्स सिंहस्थ 2028 में अपनी सेवाएं देंगे।