चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा उपकारा गृह बेगूं का निरीक्षण किया गया। जिसमें प्राधिकरण सचिव द्वारा रसोईघर, बैरक, शौचालय, स्नानागार का निरीक्षण किया तथा बंदियों के लिए तैयार किये जा रहे खाने की जांच की गई जो उचित पाई गई। सचिव द्वारा बंदी रजिस्टर की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया गया एवं प्रत्येक कैदी से उसके जेल में आने के कारणों एवं उसकी तरफ से कोई वकील पैरवी कर रहा है अथवा नहीं आदि की जानकारी लेकर उन्हें विधिक सहायता आवेदन पत्र भरने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि बिना किसी रुकावट के समाज के किसी भी तबके से आने वाले व्यक्ति जो कि जेल में निरुद्ध है, को अति शीघ्र न्याय मिल सके। निरीक्षण के दौरान कारापाल किशनलाल, पैनल अधिवक्ता सिद्धांत बिल्लू एवं पीएलवी ललित कुमार पंचोली उपस्थित रहे।