भोपाल। मार्च में संभावित बजट सत्र को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुख्य सचिव भी मौजूद रहे। सीएम ने सिवनी जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की कलेक्टर संस्कृति जैन ने लाड़ली बहना योजना के साथ अटल पेंशन स्कीम को लिंक किया है।
सामान्य महिलाओं के साथ वहां की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं कि वे अटल पेंशन स्कीम से जुड़ें। इसमें 42 रुपए से लेकर 291 रुपए प्रीमियम देने से 60 वर्ष की आयु के बाद 1000 रुपए से लेकर 5000 तक की पेंशन मिल जाती है।
सिवनी में इस नवाचार से जुड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है, 11000 फॉर्म भरे जा चुके हैं। नाम भी ‘मिशन जीवन पर्यंत’ रखा गया है। यह पूरे प्रदेश में लागू हो जाए तो लोगों को पूरे जीवन फायदा मिल सकता है। जिले में 1047 महिलाएं लाड़ली बहना में दर्ज हैं। कुछ दिन पहले सीएम ने सिवनी जिले का दौरा किया था, तब कलेक्टर ने यह जानकारी उन्हें दी है।
बैठक में सीएम ने यह भी जोड़ा कि सामाजिक कामों में पीपीपी मॉडल अपनाकर सुविधाएं बढ़ाई जा सकती हैं। इससे आंगनवाड़ियों का संचालन भी बेहतर होगा। इस बार बजट में पूरा फोकस शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य पर होना चाहिए।
आम जनता देगी सुझाव
वित्त मंत्री गुरुवार को बैंकिंग, ग्रामीण- विकास, जनजाति, आर्थिक एवं वाणिज्यिक, जेंडर बजट, पर्यावरण के विशेषज्ञों से राजधानी में संवाद करके बजट पर सुझाव लेंगे। एक्सपर्ट बजट को जनता के लिए और उपयोगी और बेहतर बनाने के सुझाव देंगे। साथ ही वित्त विभाग आम जनता से समाचार पत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म,ई-मेल और पत्राचार के माध्यम से भी सुझाव ले रहा है।