नीमच। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आज नीमच के कलेक्टर कार्यालय पर एडीएम लक्ष्मी गामड़ द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। शपथ में इस बात का संकल्प लिया गया कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतंत्र परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शपथ का कार्यक्रम नीमच के कलेक्टर कार्यालय के परिसर में संपन्न हुआ। इस दौरान एसडीम ममता खेड़े, डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना, डॉ रश्मि श्रीवास्तव, संजीव साहू, जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ अरविंद डामोर और सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।