भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबी खींचतान के बाद भाजपा ने एक और जिले निवाड़ी में जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। राजेश पटैरिया को निवाड़ी का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। पटैरिया केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के करीबी और सांसद प्रतिनिधि हैं।
इधर, इंदौर नगर और इंदौर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष पर अब भी फैसला नहीं हो पाया है। भाजपा इंदौर को छोड़कर अपने सभी संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्ष घोषित कर चुकी है। बता दें कि भाजपा ने 8 बार में 60 जिलों के अध्यक्षों के नाम जारी किए हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने मारी बाजी
निवाड़ी में बीजेपी के जिला अध्यक्ष पद को लेकर सत्ता और संगठन के बीच खींचतान चल रही थी। संगठन की ओर से गणेशी लाल नायक के नाम पर सहमति बन गई थी। लेकिन, पूर्व विधायक शिशुपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जरिए गणेशी लाल नायक पर आपत्ति कर दी। शिशुपाल का आरोप था कि गणेशी नायक ने चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था।
वहीं निवाड़ी विधायक अनिल जैन अपने करीबी संजय नकीब को जिला अध्यक्ष बनवाने के प्रयास में थे, लेकिन नकीब और पार्टी में कुछ अन्य जिला अध्यक्ष के दावेदार करीब सालभर पहले बीजेपी से 6 साल के लिए निष्कासित थे। ऐसे में दिग्गजों और दावेदारों के बीच चल रही जंग में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने एंट्री मारी। उन्होंने अपने सांसद प्रतिनिधि राजेश पटैरिया को जिला अध्यक्ष बनवा दिया।