श्योपुर। जिले में लंबे समय से थमा रहा उद्योग विकास अब गति पकड़ने जा रहा है, क्योंकि विजयपुर में जहां अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्टरी खुलना तय है, वहीं वीरपुर के पास में भी 100 बड़ी यूनिटों के लिए 492 हेक्टेयर जमीन एमपीआईडीसी को दी जा चुकी है। अब जिले में पृथक फूड क्लस्टर बनाने की तैयारी है। जिसमे सिर्फ कृषि आधारित उद्योग खुलेंगे। इसके लिए जमीन तलाशने के निर्देश भी कलेक्टर किशोर कन्याल राजस्व विभाग के अधिकारियों को दे चुके हैं।
जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि फूड क्लस्टर के लिए भूमि चिह्नांकन करने की कार्रवाई की जाए। श्योपुर जिला कृषि प्रधान जिला है, यहां कृषि आधारित उद्योगों की बेहतर संभावना है। जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए औद्योगिक वातावरण तैयार किया जाये तथा उद्यमियों को जिले में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जायें।
उन्होंने कहा कि बैंकर्स का समूह बनाकर वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने जमीन की तलाश के निर्देश के बाद फूड क्लस्टर की संभावना के लिए जीएम डीआईसी को निर्देश दिए कि ऐसे 100 उद्यमियों की सूची तैयार की जाये जो औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं उद्योग क्षेत्र में निवेश के इच्छुक है तथा किस प्रकार की इंडस्ट्रीज लगाना चाहते है।
उद्योगों के संबंध में प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्राप्त की जाये तथा उद्योग लगाने के लिए कार्य योजना प्रस्तुत की जायें। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कार्यालय में हेल्पडेस्क तथा सूचना केन्द्र स्थापित किये जायें।
रोड व रेल कनेक्टिविटी बनने से और बढ़ी उद्योगों की संभावना
औद्योगिक विकास की संभावनाएं जिले में भरपूर... जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाएं भरपूर हैं, क्योंकि वर्तमान में जिला तेजी से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। एनएच-552 के साथ ही रेलवे ट्रैक का कार्य निर्माणाधीन है। दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस भी नजदीक है, जो कि औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
उद्योग में सहायता का भी है प्रावधान
बता दें औद्योगिक क्षेत्र में वित्तीय सहायता के रूप में सयंत्र एवं मशीनरी में न्यूनतम एक करोड रुपए का और अधिकतम 10 करोड़ रुपए का निवेश करने वाली इकाई को परिसर तक पानी, सड़क और बिजली के अधोसंरचना विकास में किये गये व्यय का 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता जो कि अधिकतम 25 लाख रुपए हो सकती है। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश पर अधिकतम एक करोड़ रुपए की सीमा तक 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बगवाज में लग सकेंगे 24 उद्योग
शहर से सटे ग्राम बगवाज में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रहा है। यह उद्योग नगर 7 हैक्टेयर भूमि में विकसित होगा। इसको 18 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा। इस औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 24 औद्योगिक यूनिट लगाए जाने का ले-आउट जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा तैयार किया गया है। इसी प्रकार पच्चीपुरा में भी औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि का आवंटन किया गया है।
वीरपुर के पास खुल सकेंगे 100 बड़े उद्योग, 492 हेक्टेयर भूमि एमपीआईडीसी को आवंटित... वीरपुर तहसील के रघुनाथपुर क्षेत्र में भी उद्योग नगर बनाया जा रहा है। यह बड़े उधोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। एमपीआईडीसी इसकी तैयारी कर रही है। इसके लिए 492 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है।