नीमच। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। नीमच का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बालक उमावि क्रमांक- 2 नीमच पर आयोजित हुआ। नीमच में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने ध्वजोत्तोलन कर भव्य परेड की सलामी ली। वहीं मंदसौर जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में कलेक्टर अदिती गर्ग ने झंडावंदन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान-
नीमच जिले में 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस समारोह परम्परांगत गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय नीमच के शासकीय बालक उमावि क्रमांक- 2 नीमच पर आयोजित हुआ। समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों को पुरस्कारों का वितरण कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति पर आधारित झांकियां निकाली गई।
शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में लहराया तिरंगा-
गणतंत्र दिवस पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 8 बजे झंडा वंदन किया गया। मुख्य समारोह में प्रातः 9.00 बजे प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ध्वजोत्तोलन कर आयोजित भव्य परेड की सलामी ली। तत्पश्चात प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन हुआ। परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल नीमच, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल के जवानों और वन विभाग, नगर सेना एवं एनसीसी सीनियर डिवीजन स्काउट की टुकड़ी भी शामिल हुई।
विभिन्न विभागों की झांकियां रही आकर्षण का केंद्र-
इस अवसर पर नगर पालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, आदिम जाति कल्याण, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला पंचायत, उद्यानिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न 14 विभागों द्वारा विकास गतिविधियों एवं योजनाओं पर आधारित झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र रही। गणतंत्र दिवस पर विकासखंड, नगरीय निकाय, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी भी निकाली गई।
मंदसौर में कलेक्टर ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज-
जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में आयोजित हुआ। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 8.55 बजे मुख्य अतिथि का आगमन हुआ। इसके बाद प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान की धुन, प्रातः 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण, प्रातः 9.17 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, प्रातः 9.37 बजे परेड द्वारा हर्ष फायर, प्रातः 9.45 बजे परेड द्वारा मार्च पास्ट, प्रातः 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रातः 10.30 बजे झांकियों का प्रदर्शन, प्रातः 10.45 बजे पुरुस्कार वितरण एवं प्रातः 10.55 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।