कुकड़ेश्वर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर में उत्साह और उमंग का माहौल छाया रहा। नगर में प्रभात फेरी से शुरुआत करते हुए नगर परिषद कार्यालय और सीएम राइस विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया।
प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
नगर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्रों ने आकर्षक वेशभूषा में प्रभात फेरी निकाली। नन्हे-मुन्ने बच्चों की ऊर्जा और उत्साह ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रभात फेरी के बाद सीएम राइस विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ध्वजारोहण और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई अधिकारियों ने
नगर परिषद के अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा और सीएमओ कमल सिंह परमार ने नगर परिषद कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। वहीं, तहसील कार्यालय में तहसीलदार नवीन सलोत्रा की उपस्थिति में राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने झंडा वंदन किया।
बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में सामूहिक कार्यक्रम
नगर के सभी विद्यालयों के छात्रों ने बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में सामूहिक रूप से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटकों ने सभी का मन मोह लिया।
पुरस्कार वितरण और मिठाई वितरण
कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण किया गया।
प्रथम पुरस्कार- सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल को प्रदान किया गया।
द्वितीय पुरस्कार- कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल को मिला।
तृतीय पुरस्कार- मैडम क्यूरी स्कूल को दिया गया।
इसके बाद उपस्थित सभी लोगों में मिठाइयां वितरित की गईं। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन नगरवासियों के लिए देशभक्ति और सौहार्द्र का संदेश लेकर आया।