मंदसौर। भारत सरकार और राज्य सरकार की चिन्हित हितग्राही मूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित योजनाओं को प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का आयोजन किया गया था। अभियान 11 दिसंबर से 26 जनवरी तक चला। आज अभियान का समापन हुआ। जन कल्याण अभियान में प्रत्येक ग्राम पंचायत व शहरी वार्डाे में लगाये गये 658 से अधिक शिविरों में लगभग 83 हजार 101 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिसमें 81 हजार 618 आवेदनों का निराकरण किया गया।
इन शिविरों के माध्यम से प्राप्त हितलाभों की स्वीकृतियां एवं सेवाएं समय समय पर अभियान के दौरान शिविरों में दी गई हैं तथा शेष स्वीकृतियां / सेवाओं/ हितलाभ वितरण हेतु आज सोमवार को शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर हितलाभ/सेवाएं प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम सांवेर, जिला इंदौर में आयोजित किया गया। हितलाभ वितरण/स्वीकृति पत्र/सेवाओं के वितरण की कार्यवाही प्रत्येक ग्राम पंचायत/शहरी वार्ड में कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समारोहपूर्वक किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया जाए। जिसे सभी ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय वार्डों में देखा और सुना गया।