अशोकनगर। जिले की मुंगावली ब्लाक अंतर्गत आने वाले बहादुरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम अमोदा, झागर बमुरिया, खुशीपुरा, कुकावली, हारूखेड़ी और अमरोद गांव के करीब हजार बीघा से ज्यादा के खेत आग की चपेट में आए हैं। यहां खेतो में खड़ी गेंहू की फसल जल कर राख़ हो गई । दो सौ से ज्यादा किसान प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान झागर बमुरिया गांव में हुआ है। मौके पर एसडीएम मनीष धनगर, तहसीलदार आनंद जैन, जनपद पंचायत सीईओ आलोक इटोरिया, थाना प्रभारी अरविंद कुशवाह मौजूद हैं। आग दोपहर तीन बजे से चार बजे तक लगी रही। इस दौरान एक भी दमकल नहीं पहुंच पाई। आग पर किसानों ने काबू पाया। एक पुलिसकर्मी द्वारा किसानों से अभद्रता की गई है, जिसके बाद आक्रोशित किसानों ने हाइवे को अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। आग की वजह एक खेत में चल रही भूसा बनाने वाली मशीन बताई जा रही है। किसानों के अनुसार करीब अठारह हजार क्विंटल गेंहू का उत्पादन इस जली हुई फसल से होता, जिससे उन्हें करीब साढ़े चार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।