नीमच। शहर में जिला अभिभाषक संघ ने आज 07 अप्रैल को बंद का आव्हान किया था। नए न्यायालय परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था व मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर धरना दे रहे वकीलों का यह आंदोलन अब जन आंदोलन में बदल गया है। अभिभाषकों के समर्थन में सामाजिक, व्यापारिक व राजनीतिक सहित कई संगठनों ने मैदान संभाल लिया है। आज सोमवार को सर्वसमाज ने वकीलों के समर्थन में बंद बुलाया था। समूचे शहर में इस बंद का असर भी देखने को मिला। व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रख अभिभाषकों के पक्ष में आवाज उठाई। सर्वसमाज के इस बंद का वॉईस ऑफ एमपी न्यूज चैनल ने भी महाकवरेज किया और पाठकों तक पल-पल की अपडेट पहुंचाई।
वकीलों की यह है प्रमुख मांगें-
जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी ने बताया कि 1 अप्रैल से जिला मुख्यालय पर स्थित कोर्ट का नए भवन में स्थानांतरण होना था। लेकिन नए परिसर में जो 4-4 हजार स्क्वायर फीट के दो हॉल है, उसमें 400 से अधिक वकीलों के बैठने की व्यवस्था की गई है जो कि पर्याप्त नहीं है। साथ ही महिला-पुरुष वकीलों और पक्षकारों के लिए सुविधाघर सहित पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है।