मनासा। पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज ने आरोग्य की देवी भादवा माता जी में अपने आराध्य देव संत शिरोमणि पीपाजी महाराज की 702 वीं जयंती बड़े ही धूमधाम व हर्षाेल्लास के साथ मनाई। पीपा जयंती पर शनिवार को नीमच, मंदसोर सहित आसपास के जिले व ग्रामीण क्षेत्रों के समाजजन भादवा माता जी स्थित कार्यक्रम स्थल कुमावत धर्मशाला में एकत्रित हुए। सुबह 10 बजे कार्यक्रम स्थल से पीपाजी महाराज की भव्य शोभा यात्रा प्रारंभ हुई। इसमें पीपा जी महाराज आकर्षक बग्गी में सवार थे। जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए भादवा माता जी मंदिर पहुंची। जहा पर मां भादवा को समाजजनों द्वारा चुनर ओढ़ाई गई। पुनः शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस बीच शोभायात्रा में समाज की महिलाएं, पुरूष व युवक-युवतियां विशेष परिधान पहने डीजे की धून पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। इस दोरान कार्यक्रम स्थल पर समाजजनों का उदबोधन हुआ, इसमें समस्त समाजजनों ने प्रतिवर्ष पीपा जयंती भादवा माता जी में ही मनाने की सहमति दी। कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने बालाजी महाराज व पीपाजी महाराज की आरती कर भोजन प्रसादी ग्रहण की।