मंदसौर। जिले के महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर सोमवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। दलौदा के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक से धुआं निकलता देख चालक ने वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। वह पानी की व्यवस्था करने गया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने दलौदा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
नगरी और मंदसौर से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक सोयाबीन से भरा पूरा ट्रक जलकर राख हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात-
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली। घटना के दौरान हाईवे की एक लेन को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। दलौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।