सिंगोली। तहसील के ग्राम रघुनाथपुरा में रविवार को शादी समारोह के दौरान पीने के पानी में करंट फैलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना उस समय घटित हुई जब वहां भोजन का कार्यक्रम चल रहा था। घटना के बाद शादी का जश्न मातम में बदल गया।
रविवार शाम प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक ग्राम झांतला निवासी हेमराज धाकड़ उम्र 35 साल अपने साले की शादी समारोह में शामिल होने ग्राम रघुनाथपुरा आया हुआ था।
सुबह 11 बजे के आसपास भोजन के दौरान जब वह पीने का पानी प्रबंध कर रहा था, तब ही पाइप के विद्युत तारों के संपर्क में आने से पानी में फैले करंट की चपेट में आने से वह अचेत हो गया। उसे तुरंत ही सिंगोली हॉस्पिटल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हेमराज की मृत्यु की खबर मिलते ही शादी का जश्न मातम में बदल गया। उधर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया।