चित्तौड़गढ़। डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। मामले की जांच के दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम, रात्रिकालीन गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थानाधिकारी प्रेम सिंह खंगारोत के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम द्वारा 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को सेंती पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान बोजूंदा रोड की ओर से एक स्कूटी आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस को देखकर दोनों युवक वापस मुड़ने का प्रयास करने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम अनस अंसारी तथा पीछे बैठे युवक ने योगेश उर्फ दुर्गेश उर्फ लक्की बैरवा बताया। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। स्कूटी की डिक्की से एक पिस्टलनुमा देशी कट्टा, एक देशी कट्टा .315 बोर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस द्वारा हथियारों के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में दोनों हथियार हस्तनिर्मित पाए गए। बरामद कारतूसों में दो कारतूस ज्ञथ् 7.65 तथा दो कारतूस ज्ञथ् 8 डड अंकित पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3, 8, 25 एवं 35 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान के दौरान करण सिंह को भी गिरफ्तार किया गया तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
- अनस अंसारी पुत्र जफर अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोपाल नगर, थाना कोतवाली, चित्तौड़गढ़।
- योगेश उर्फ दुर्गेश उर्फ लक्की बैरवा पुत्र हरीश बैरवा, उम्र 19 वर्ष, निवासी मीठाराम जी का खेड़ा, थाना सदर, चित्तौड़गढ़।
- करण सिंह पुत्र गोविंद सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी सेंग्वा हाउसिंग बोर्ड।
पुलिस टीम-
थाना सदर चित्तौड़गढ़- थानाधिकारी प्रेम सिंह खंगारोत, एएसआई हीरालाल, सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल भजनलाल, हेमेन्द्र सिंह, जितेन्द्र एवं चालक कुलदीप सिंह।
डीएसटी टीम- एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, मनोज कुमार, बलराम मीणा, शिशराम, अमित एवं बलराम गुर्जर।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन करने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।