नीमच। जिले से गुजर रहे महू-नसीराबाद नेशनल हाईवे पर रविवार रात को एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक कंटेनर से स्कॉर्पियो के टकराने से चार लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। यह हादसा एमपी-राजस्थान की सीमा पर नयागांव से कुछ ही दूरी पर निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। वाहन में सवार सभी लोग उज्जैन निवासी है और इनकी उम्र करीबन 18 से 27 साल के बीच है। यह सभी लोग सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रहे थे।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन जिले के इंगोरिया गांव के रहने वाले सात लोग स्कॉर्पियो से राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे वे नीमच जिले के नयागांव से कुछ ही दूरी पर निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र पहुंचे। जहां बांगरेड़ मामादेव गांव के समीप उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी लेन में सामने से आ रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो का एक साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस सड़क दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार गौरव कुमार पवार, अनिल भांबी, राजा और संजू भांबी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपक, योगेश और सुनील को गंभीर चोटे आई है। सभी घायलों को तत्काल निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर चित्तौड़गढ़ के एएसपी बद्रीलाल राव भी मौके पर पहुंचे और चारों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
